कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को लखनऊ में कार्यक्रम है। कार्यकर्ताओं को लेकर परिवहन निगम की 220 बसें बुधवार शाम लखनऊ भेजी गई। इससे विभिन्न रूटों पर बसों के फेरे घट गए। ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान होकर बस अड्डे पहुंचे यात्रियों को बसों की कमी से घंटों इंतजार करना पड़ा। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ के कार्यक्रम में कानपुर परिक्षेत्र से कुल 220 बसें रवाना की गई हैं। यह बसें दिल्ली, झांसी, राजस्थान आदि रूटों की हैं। जिन रूटों पर बसों के फेरे अधिक थे, वहां से बसों को हटाकर लखनऊ भेजा गया। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि किसी भी रूट पर यात्रियों को बसों की कमी नहीं होगी। गुरुवार को कार्यक्रम के बाद शाम से ये बसें वापस आने लगेंगी। संवाद