कानपुर। उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय त्रिवेदी ने बुधवार को सीएसजेएमयू के परीक्षा नियंत्रक से प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक ऑनलाइन अपलोड करने की समयावधि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित विषम सेमेस्टर एक, तीन और पांच की प्रायोगिक परीक्षाएं विधिवत कराई जा रही हैं। विश्वविद्यालय की ओर से प्रायोगिक परीक्षाएं कराकर उनके अंकों को ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 25 दिसंबर निर्धारित की गई है। पिछले तीन-चार दिनों से मौसम खराब रहने की वजह से प्रायोगिक परीक्षाओं के संचालन में बाधा आ रही है। ऐसे में ऑनलाइन अंक अपलोड करने की अंतिम तिथि को एक सप्ताह बढ़ाकर काॅलेज संचालकों को राहत दी जाए। (ब्यूरो)