कानपुर देहात। परिवहन विभाग की टीम ने बिना नंबर प्लेट के संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ शुक्रवार की रात अभियान चलाया। कानपुर-झांसी व इटावा हाईवे पर ऐसे 22 वाहनों को पकड़ चालान किया गया। जबकि एक को बिना कागजात व दो को ओवरलोडिंग में सीज करने की कार्रवाई की गई।
ट्रक व डंपर चालक वाहनों के नंबर प्लेट को छुपाकर मौरंग, गिट्टी व बालू की ओवरलोडिंग कर रात में जिले की सीमा पार करते हैं। हादसा होने पर यह पकड़ में नहीं आते। परिवहन आयुक्त ने ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं। एआरटीओ प्रवर्तन सोमलता यादव ने बताया कि बारा जोड़ तिराहे से झांसी जाने वाले हाईवे बिना नंबर के संचालित 18 डंपर व अकबरपुर मार्ग पर चार डंपर का चालान किया गया है। इसके अलावा झांसी मार्ग पर ढाबे पर खड़े दो ओवरलोड डंपर व बिना कागजात के एक ट्रक को पकड़ संबंधित थाने में सीज किया गया है। इनसे करीब चार लाख रुपये के राजस्व की वसूली की जाएगी।