कानपुर में ककवन थाना क्षेत्र के मैदों गांव में विषधन चौकी पुलिस ने मकनपुर-रसूलाबाद मार्ग पर संदिग्ध हालात में खड़े कंटेनर ट्रक से 8 जीवित और 22 मृत सांड़ बरामद किए। कन्नौज जनपदीय सीमा के समीप स्थित मैदों गांव में एकाएक इतनी बड़ी संख्या में मवेशियों के कंटेनर ट्रक में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मालूम रहे कि मैदों गांव से कुछ ही दूरी पर बिहारीपुर गोशाला स्थित है, जहां पर 29 दिसंबर 2019 को 13 से अधिक गोवंश मृत मिले थे। घटना की जानकारी पर एडीएम एफआर, एसडीएम बिल्हौर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, कानपुर नगर, पुलिस क्षेत्राधिकारी बिल्हौर सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
विषधन पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद कश्यप ने बताया कि सोमवार भोर मैदों गांव के ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि सड़क पर स्कूल के समीप मकनपुर-रसूलाबाद मार्ग पर एक कंटेनर ट्रक खड़ा है और उसमें मवेशी कैद होने की आशंका है। इस पर वह सिपाहियों संग मौके पर पहुंचे और कंटेनर खोलकर देखा तो उसमें बड़ी संख्या में सांड़ कैद थे, जिनमें कई मृत अवस्था में थे।
विनोद कश्यप के मुताबिक, उन्होंने मामले की सूचना पुलिस क्षेत्राधिकारी और उप जिलाधिकारी बिल्हौर को दी गई। घटना की सूचना के बाद दोपहर मौके पर पहुंचे एडीएम वित्त वीरेंद्र पांडे, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ सीपी सिंह, एसडीएम बिल्हौर लक्ष्मी वीएसई, सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्र ने कंटेनर ट्रक की जांच पड़ताल की और आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि सांड़ों को नशीले इंजेक्शन देकर ले जाया जा रहा था। ककवन राजकीय पशु चिकित्सालय के डा. नीरज पटेल ने बताया कि कंटेनर में कुल 30 सांड़ कैद थे, जिनमें से 22 की मौत हो चुकी है। शेष जीवित आठ पशुओं को नजदीक के ही बिहारीपुर गांव स्थित गोशाला में रखा गया है, इनमें भी तीन की हालत गंभीर है। सीओ बिल्हौर ने बताया कि कंटेनर ट्रक नंबर यूपी 12 बीटी 1335 की जांच में पाया गया है कि गाड़ी मुजफ्फरनगर की है और इसके मालिक का नाम फारुख है। इसी आधार पर पूरे मामले की तह तक जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।