माई सिटी रिपोर्टर कानपुर। डफरिन अस्पताल में भर्ती चार और कोरोना संक्रमित माताओं के नवजात शिशु की कोरोन जांच रिपोर्ट शनिवार को नेगेटिव आ गई, जबकि एक अन्य नवजात का सैंपल रिजेक्ट हो गया। पुनः उसकी जांच कराने के लिए सैंपल लिया गया है। डफरिन अस्पताल में कोरोना संक्रमित 6 गर्भवती महिलाएं और उनके नवजात शिशु भर्ती हैं। इन सभी महिलाओं की पुनः और उनके नवजात शिशुओं की पहली बार कोरोना जांच मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग से कराई गई है । इनमें से एक नवजात शिशु की कोरोना जांच रिपोर्ट शुक्रवार को ही नेगेटिव आ गई थी। चार अन्य नवजात शिशुओं की कोरोना जांच रिपोर्ट शनिवार को नेगेटिव आ गई। इससे अस्पताल प्रशासन, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ उत्साहित है। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ वीबी सिंह ने बताया कि विशेष सतर्कता और प्रयासों के चलते यह संभव हो पाया है।