चौबेपुर (कानपुर)। कस्बे में पेयजल आपूर्ति के लिए वर्षों पहले बिछाई गई भूमिगत पाइप लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो जाने से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। बस्ती के अंदर गलियों में हो रहे जलभराव के अलावा जीटी रोड पर सुबह-शाम बह रहे पानी की ओर न तो विभागीय अधिकारी कोई ध्यान दे रहे और न ही प्रशासनिक अधिकारियों की नजर पानी की बर्बादी पर पड़ रही है। प्रतिदिन बढ़ती समस्या से परेशान लोगों ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराकर जर्जर लाइन को अतिशीघ्र दुरुस्त कराए जाने की मांग की है।
मालूम हो कि कस्बावासियों को पेयजल समस्या से निजात दिलाने के लिए जल विभाग प्रखंड दो के द्वारा करीब दो दशक पहले कस्बे में पानी टंकी का निर्माण करवाया गया था। पेयजल आपूर्ति के लिए कस्बे के अलावा इसके मजरों अब्दुलपुर और तमसहा तक पाइप लाइन डाली गई थी। इधर, करीब दो माह के दौरान भूमिगत पाइप लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो जाने से सुबह-शाम आपूर्ति के दौरान जगह-जगह पानी के फव्वारे छूट पड़ते हैं। इस कारण हजारों लीटर पानी रोजाना बर्बाद होता है। उधर, दो हफ्ते पहले जीटी रोड पर जिला सहकारी बैंक के सामने उक्त पाइप लाइन फट जाने से मार्ग पर जबरदस्त जल भराव बना हुआ है। समस्या के बारे में कस्बे के राजेंद्र गुप्ता, रिंकू, कौशल गुप्ता, लाल बाबू कुरैशी और अजीत द्विवेदी आदि ने बताया कि जगह-जगह लीकेज हो जाने से पानी दूर-दराज घरों तक नहीं पहुंच पाता। लंबे समय से व्याप्त समस्या के बाद भी विभाग कर्मी-अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। पानी की बर्बादी रोकने और समस्या के समाधान के लिए लोगों ने भूमिगत पाइप लाइन की मरम्मत अविलंब कराए जाने की मांग एक बार फिर से दोहराई है।
इस मामले में बीडीओ चौबेपुर अमित सिंह परिहार ने कहा कि चौबेपुर में भूमिगत पाइप लाइन के लीकेज होने से बर्बाद हो रहे पानी की सूचना है। जल्द ही मामले की जांच कराकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।