बांदा। मां के साथ खेत से लौट रही सात वर्षीय बालिका को डंपर ने रौंद दिया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। शव देखकर मां बेहोश हो गई। उत्तेजित क्षेत्रीय लोगों ने घटनास्थल पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे आवागमन ठप रहा। ग्रामीणों ने डंपर को पकड़ लिया और क्लीनर की जमकर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
गुरुवार को शाम करीब 4 बजे दरगाही पुरवा (हुसैनपुर) की ममता देवी खेत से घर लौट रही थी। साथ में उसकी पुत्री शिवानी पुत्री शिवकुमार भी थी। रामस्वरूप उपाध्याय डिग्री कालेज के सामने सड़क पार करते समय नरैनी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ जाने से शिवानी कुचल गई। लगभग एक घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची। इस बीच वहां जमा हो गए ग्रामीणों ने घटनास्थल पर बांदा-नरैनी सड़क पर जाम लगा दिया।
दोनों तरफ वाहन फंसे रहे। नरैनी कोतवाली प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर खफा ग्रामीणों और परिजनों को देर तक समझा-बुझाकर शांत किया। इसी के बाद जाम खत्म हुआ। उधर, भीड़ ने डंपर क्लीनर को दबोच कर जमकर पीटा। उसका हाथ तोड़ दिया। पुलिस ने क्लीनर को भीड़ से छुड़ाकर नरैनी अस्पताल पहुंचाया। चालक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।