अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। रात के समय युवती मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रही थी। इस पर पिता ने फटकार लगा दी। डांट से क्षुब्ध युवती ने अपने कमरे में जाकर केरोसीन उड़ेल कर आग लगा ली। बेटी को लपटों से घिरी देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। तब तक युवती बुरी तरह झुलस चुकी थी।
परिजन आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर गए। रास्ते में ही घायल ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहर कोतवाली के मोहल्ला पूरन नगर निवासी महादेव की पुत्री राधा (20) मंगलवार देर रात किसी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रही थी। राधा की आवाज सुन पिता उसके कमरे में पहुंच गया। बेटी को फोन पर बातचीत करते देख जमकर फटकार लगा दी। पिता की डांट से झल्लाई राधा घर की दूसरी मंजिल पर चली गई। जहां शरीर पर केरोसिन उड़ेल आग लगा ली। आग की चपेट में आकर युवती की चीख पुकार सुन परिजन बचाव को दौड़ पड़े। आग की भीषण लपटों से
घिरी युवती को देख लोगों के होश उड़ गए। परिजनों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया और आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर भागे। आग से गंभीर झुलस चुकी युवती की रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचते ही डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। डाक्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम
को भेज दिया। पीएम में मौजूद मृतका की मां रामदुलारी ने बताया कि राधा बीए की छात्रा थी। छह जून को ही उसने जिद करके मोबाइल फोन खरीदा था। मंगलवार रात मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। जिसका पिता ने विरोध किया था। इसी के बाद उसने दूसरी मंजिल पर जाकर आग लगा ली। बेटी की मौत से मां-बाप का रो-रो कर बुरा हाल था।
पिता की डांट से क्षुब्ध छात्रा ने लगाई आग, मौत
मोबाइल फोन पर बातचीत करने से पिता ने किया था मना
बीए की छात्रा थी, पखवारे भर पहले ही मोबाइल खरीदा था