महोबा। एसआईबी के ज्वाइंट कमिश्नर अशोक कुमार पांडेय ने कहा कि एक जुलाई से जीएसटी लागू हो रहा है। जिसके लिए शासन ने तैयारियों के साथ नए निर्देश जारी कर व्यापारियों से तालमेल बनाने को कहा है। ताकि जीएसटी को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके।
चित्रकूटधाम मंडल के ज्वाइंट कमिश्नर एसआईबी अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि शासन ने दो दिन बाद देश भर में लागू हो रहे जीएसटी के लिए समयबद्ध कार्य योजना बनाई है। ताकि प्रत्येक व्यापारी जीएसटी के नियमों से परिचित होने के साथ अपना पंजीकरण करा सके।
उन्होंने बताया वाणिज्य कर आयुक्त मुकेश मेश्राम ने सभी अधिकारियों को जारी निर्देश में कहा है कि 15 जुलाई तक किसी भी दशा में वाणिज्य कर अधिकारी व कर्मचारी को मुख्यालय छोड़ने के लिए किसी भी प्रकार का अवकाश नहीं दिया जाएगा। राज्य योजना आयोग के आदेशों के तहत प्रत्येक जिले में जिला योजना समिति के प्रभारी मंत्री जिले में नोडल अधिकारी के रूप में काम करेंगे।
जो व्यापारियों के साथ सामंजस्य स्थापित कर जागरुकता कार्यक्रम चलाएंगे। उन्होंने बताया कि फील्ड में तैनात प्रत्येक अधिकारी को प्रतिदिन कम से कम 50-50 व्यापारियों से संपर्क कर जीएसटी के बारे में बताकर उनका पंजीयन कराना होगा।
वही सचल दल इकाइयों में तैनात अधिकारी नई व्यवस्था के चलते वाहन चेकिंग के दौरान संवेदनशीलता के साथ काम करेंगे।
-एक अधिकारी 50 व्यापारियों को जीएसटी के लिए करेगा प्रेरित
-जीएसटी लागू होने में दो दिन शेष, शासन ने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो