डेरापुर (कानपुर देहात)। पुलिस ने एक टप्पेबाज को गिरफ्तार करने के साथ ही जेवरात व नगदी बरामद करने का दावा किया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए युवक को रसधान गांव की दो बहादुर महिलाओं ने बाला छीनने का प्रयास करने के दौरान दबोचा था। यह घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुई थी, जबकि युवक को गिरफ्तार करने का दावा डेरापुर थाने की पुलिस कर रही है।
बताते चलें कि बीती 19 जुलाई को डेरापुर कस्बे के दीनदयाल नगर में रहने वाली मुन्नी देवी पत्नी रामनरेश को बाजार जाते समय दो बाइक सवार अज्ञात युवकों ने रोक लिया था। बाद में उसे पुत्र की मौत का भय दिखाकर उससे जेवरात लेकर फरार हो गए थे। महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह मुखबिर ने सूचना दी कि बाइक सवार दो युवक हाइवे के पास रसधान मार्ग पर संदिग्ध अवस्था में खड़ेे होकर किसी का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर दरोगा चरण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। बाइक स्टार्ट न होने के चलते एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया, जब कि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा। थाना प्रभारी रामबहादुर पाल ने बताया कि पूछताछ में युवक ने अपना नाम शहेर अली पुत्र अंगूर अली निवासी जलालपुर सिकंदरा थाना राजपुर बताया है। उसके पास एक बाइक, पीली धातु की अंगूठी, दो सफेद धातु की पायल व 500 रुपए बरामद हुए हैं। युवक ने मुन्नी देवी से झांसा देकर जेवर हड़पने की बात स्वीकार की है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए युवक को बीते बुधवार रसधान से एक गांव की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर शांतिदेवी पत्नी धर्मेंद्र कुमार व मीरा देवी पत्नी विनोद ने कान के बाले छीनने के प्रयास करने के दौरान पकड़ा था, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा था। ग्रामीणों ने उसे सिकंदरा थाने की पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। उस समय थाना प्रभारी सिकंदरा मानिक चंद्र पटेल ने युवक के इटखुदा व नेहरू इंटर कालेज के पास नशीला पदार्थ खिलाकर जेवरात लूटने की घटना में शामिल होने की बात कही थी। वहीं आरोपी को शुक्रवार को डेरापुर पुलिस ने टप्पेबाजी के माल के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अपर पुलिस अधीक्षक एके श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं हैं।