बिल्हौर (कानपुर)। चौबेपुर के मरियानी गांव स्थित बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में आरबीआई, लखनऊ और बीओबी के अधिकारियों ने ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाओं और असली-नकली नोटों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय रिजर्व बैंक, लखनऊ के सहायक महाप्रबंधक जयप्रकाश, जनरल मैनेजर योगेश दयाल, नाबार्ड की डीडीएम सुमन शुक्ल और अग्रणी जिला प्रबंधक केडी नोटियाल ने संयुक्त रूप से किया। अग्रणी जिला प्रबंधक ने क्षेत्रीय ग्रामीणों को विविध बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। एलडीएम ने कैशलेस, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैकिंग के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि डिजिटल लेन-देन में पूरी सतर्कता बरतने और एडीएम पासवर्ड की जानकारी किसी को न देने की अपील की। नाबार्ड की सुमन शुक्ला ने ग्रामीणों को असली और नकली नोटों के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण संस्थान के संजय कुमार अग्रवाल ने ग्रामीण इलाकों के गरीबों को दिए जा रहे निशुल्क प्रशिक्षण के बारे में बताया।