महिला की मौत, लोहिया अस्पताल में हंगामा
डाक्टरों के इनकार करने पर हिंदू युवा वाहिनी ने बनाया था दबाव
डीएम से शिकायत करने पर डाक्टरों ने शुरू किया इलाज
शाम को सैफई रेफर, नर्सिंगहोम में मौत, फिर शव लाकर किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। लोहिया महिला अस्पताल में गर्भवती का इलाज न करने पर हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने शनिवार को हंगामा किया। इसकी शिकायत डीएम से की गई, तब महिला का इलाज हुआ। शाम को सैफई रेफर कर दिया। नर्सिंग होम में मौत हो गई। परिजन शव लेकर लोहिया महिला अस्पताल पहुंचे और युवा वाहिनी के सदस्यों ने हंगामा किया। खबर दिए जाने तक फोर्स समझाने का प्रयास कर रहा था।
शहर के कूंचाभवानी दास मोहल्ला निवासी सोनम वर्मा पत्नी गोपाल को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने लोहिया महिला अस्पताल में भर्ती कराया। गोपाल की करीब दो महीना पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है। महिला अस्पताल में सोनम की सास उर्मिला देवी को अस्पताल के स्टाफ ने आपरेशन की बात कहने के साथ ही बेहोशी का डॉक्टर न होने की बात कही और इलाज नहीं किया। काफी देर तक स्टाफ के लोग उसे इधर-उधर टरकाते रहे। सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा, शिवम त्रिपाठी, मुकुल पांडेय, रमेश प्रजापति आदि अस्पताल पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पदाधिकारियों ने इसकी शिकायत डीएम को मोबाइल पर दी। सूचना के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया। प्रभारी सीएमएस डॉ. कैलाश मौके पर आ गए। पदाधिकारियों से वार्ता कर उसका इलाज कराने का आश्वासन दिया। बेहोशी के डॉक्टर के आने की बात कही। इसके बाद पदाधिकारी शांत हुए। महिला को अस्पताल का स्टाफ ओटी में ले गया। हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी ब्लड की व्यवस्था करने में जुट गए।
प्रभारी सीएमएस ने बताया कि बेहोशी के डॉक्टर न होने के कारण ही व्यवस्था बिगड़ गई। पुरुष अस्पताल में तैनात डॉक्टर प्रदीप भी नहीं है। दूसरे डॉक्टर से वार्ता के बाद इलाज किया जा रहा है।
शाम को फिर डॉक्टर के न मिलने की बात कह सैफई रेफर कर दिया। परिजन उसे नर्सिंगहोम ले गए। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके पर परिजन और युवा वाहिनी के सदस्य शव लेकर लोहिया महिला अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। खबर लिखे जाने तक हंगामा जारी था। प्रशासन उन्हें समझाने का प्रयास कर रहा है।