बिल्हौर। तहसील क्षेत्र में तीन अलग-अलग बिजली गिरने की घटनाओं में एक बीएससी छात्र और एक चरवाहे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो युवक झुलस गए। घायलों को गंभीर हालत में सीएचसी शिवराजपुर में भर्ती कराया गया है। सोमवार दोपहर बाद शिवराजपुर क्षेत्र में आई आंधी-पानी के दौरान बूंदाबांदी के बीच बिजली गिरने से मुंहपोछा गांव निवासी अनुराग यादव (18) पुत्र जयवीर यादव की मौके पर मौत हो गई। अनुराग बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। वहीं दूसरी घटना में बिजली गिरने से सिहुरामऊ के रोहित और सरवन गंभीर रूप से झुलस गए। चौबेपुर समाचार प्रतिनिधि के अनुसार, डिगरापुर गांव निवासी रामशंकर यादव (60) सोमवार शाम मवेशियों को चराने के लिए खेतों पर गए थे। तभी करीब चार बजे बूंदाबांदी के दौरान बिजली रामशंकर पर आ गिरी। घटना में उनकी मौके पर मौत हो गई।