रसूलाबाद। नगर में कानपुर मार्ग स्थित ऋषि आश्रम के पास रखा 400 केवी का ट्रांसफार्मर शुक्रवार रात फुंक गया। इससे करीब 200 घरों की बिजली गुल हो गई। इससे पूरी रात करीब एक हजार की आबादी परेशान रही। शनिवार सुबह पेयजल किल्लत रही। देर शाम ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाने की कवायद शुरू हुई। इधर 21 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
विकास नगर वार्ड में लगा 400 केवी ट्रांसफार्मर शुक्रवार रात करीब नौ बजे फुंक गया। कई घंटे तक बिजली नहीं आयी तो लोगों ने उपकेंद्र में सूचना दी। इधर पूरी रात घरों की बिजली गुल रही तो इंवर्टर दगा दे गए। लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ा। नींद पूरी नहीं होने से बुजुर्ग व बच्चों को परेशानी हुई। इधर शनिवार सुबह घरों में पेयजल किल्लत रही। दूर लगे हैंडपंप से लोगों को जरूरत का पानी भरकर लाना पड़ा।
इधर बिजली कर्मी पहुंचे और ट्रांसफार्मर की खामी ठीक करने का प्रयास शुरू किया। पूरे दिन बिजली कर्मी लगे रहे लेकिन ट्रांसफार्मर की खामी ठीक नहीं कर सके। इसपर शाम को ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का निर्णय लिया गया। लगातार 21 घंटे बिजली गुल रहने से लोग खासे परेशान रहे। मोबाइल भी डिस्चार्ज हो गए। इधर महिलाएं हाथ के पंखे से हवा करती नजर आईं। बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई। जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विकासखंड कार्यालय और निजी नर्सिंग होम भी बिजली गुल रहने से प्रभावित हुए।
मयंक पांडेय, दरोगा प्रसाद, भाईन दीक्षित आदि ने बताया कि पूरी रात बिजली गुल रही। दिन में बिजली आने की उम्मीद थी लेकिन बिजली कर्मी ट्रांसफार्मर को ठीक करने में समय गंवाते रहे। शाम को ट्रॉली ट्रांसफार्मर मंगवाने का निर्णय लिया गया। लाइनमैन शिवा ने बताया कि 400 केवी ट्रांसफार्मर काफी पुराना है। पहले भी खराब हो चुका है। अवर अभियंता राजवीर ने बताया कि ट्रांसफार्मर की एक क्वाइल जल गई है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ट्रॉली ट्रांसफार्मर मंगवाया गया है। देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।