घटना की जांच करने घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर से फर्रुखाबाद स्टेशन पहुंची पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे में लावारिश ट्राली बैग होने से प्लेटफार्म पर हड़कंप मच गया। स्टेशन मास्टर, रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की मौजूदगी में बैग का लॉक तोड़ा गया, तो उसमें युवती का शव देख सभी सन्न रह गए। उसके शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं था। इससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस कानपुर की ओर के सभी स्टेशनों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुटी है। रेलवे स्टेशन पर गाड़ी नंबर 55327 कानपुर-फर्रुखाबाद पैसेंजर गुरुवार रात करीब 10.45 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। ट्रेन खाली होने के बाद करीब सवा 11 बजे रेलवे का कैरेज स्टाफ ट्रेन की खिड़कियों, मैन दरवाजों, लाइटों को बंद करते हुए पीछे की ओर महिला बोगी के पास कोच संख्या 07487 में पहुंचा, तो दोनों शौंचालयों के बीच एक लाल रंग का बड़ा ट्राली बैग लावारिश हालत में रखा देखा।