श्रमशक्ति की तरह जल्द ही संगम एक्सप्रेस का स्टापेज भी पनकी स्टेशन पर होगा। यह बात सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कही। वह रविवार को सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर दो नई ट्रेनों, कानपुर-प्रयाग एक्सप्रेस और कानपुर-फतेहपुर मेमू को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर बोल रहे थे।
कार्यक्रम में डॉ. जोशी ने कहा कि मैं ट्रेन चलवाने में विश्वास करता हूं और मेरे साथी सांसद देवेंद्र सिंह भोले ट्रेन के ठहराव में। जब ट्रेन चलना शुरू होगी तो निश्चित तौर पर, जहां पर आवश्यकता होगी, वहां ठहराव होगा। पनकी में संगम एक्सप्रेस के स्टापेज के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुका है।
वहां से अनुमति मिलते ही संगम का ठहराव पनकी स्टेशन पर शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कानपुर सेंट्रल को ऐसा स्टेशन बनाया जाए कि देशभर से लोग उसे देखने के लिए आएं। इसलिए इलाहाबाद मंडल के डीआरएम पुरानी घोषणाओं पर ध्यान दें और उन पर अमल करें। इस मौके पर सांसद देवेंद्र सिंह ने कहा कि सेंट्रल पर एक एग्जिक्यूटिव प्रतीक्षालय बनाया जाए। साथ ही बन रहे रेल कॉरिडोर मामले में किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।
इस मौके पर विधायक सलिल विश्नोई, रघुनंदन भदौरिया, अरुण पाठक, डीआरएम संजय कुमार पंकज, डिप्टी सीटीएम जितेंद्र कुमार, एसएस आरएनपी त्रिवेदी, सुधाकर मिश्रा, दिवाकर त्रिपाठी, सुरेंद्र मैथानी, अनीता गुप्ता, रवि शुक्ला, बालचंद्र मिश्रा, अनूप अवस्थी, दिवाकर मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।
कानपुर-प्रयाग कल से नियमित होगी
कानपुर-प्रयाग एक्सप्रेस पांच जुलाई से नियमित होगी। रविवार को इसे शाम 4ः47 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना किया गया। यह ट्रेन रात करीब नौ बजे के बाद प्रयाग स्टेशन पहुंची। ट्रेन चार जुलाई को प्रयाग से अपने निर्धारित समय शाम 4ः35 बजे वहां से चलेगी। रात 9ः50 बजे कानपुर पहुंचेगी। अगले दिन से यह अपने शेड्यूल पर आ जाएगी। कानपुर से सुबह 9ः40 बजे चलेगी आैर दोपहर 2ः40 बजे प्रयाग पहुंंचेगी।
ये होंगे स्टॉपेज
उन्नाव, बीघापुर, रघुराज सिंह, लालगंज, डलमऊ, जलालपुर, ऊंचाहार, गढ़ी मानिकपुर, हरनामगंज, कुंडा, लालगोपाल गंज, फाफामऊ, प्रयाग।
मेमू आज से निर्धारित समय पर चलेगी
कानपुर-फतेहपुर मेमू चार जुलाई से अपने निर्धारित समय शाम 6ः05 बजे से चलेगी और रात 8ः20 बजे फतेहपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन को रविवार श्ााम 4ः58 बजे सेंट्रल से सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने रवाना किया। फतेहपुर से सुबह 7ः20 बजे चलकर 9ः25 बजे सेंट्रल स्टेशन आएगी। इसके बाद शाम को निर्धारित समय पर रवाना होगी।
ये होंगे स्टॉपेज
चंदारी, सरसौल, औंग, बिदंकी रोड, मलवा होते हुए फतेहपुर पहुंचेगी।
अगस्त में लिफ्ट, तीन माह में फ्री वाई-फाई
कानपुर (ब्यूरो)। उत्तर-मध्य रेलवे (इलाहाबाद मंडल) के डीआरएम संजय कुमार पंकज ने बताया कि सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6/7 पर निर्माणाधीन लिफ्ट का काम अगस्त तक पूरा हो जाएगा। सेंट्रल पर फ्री वाईफाई शुरू होने में तीन माह लगेगा। इसके अलावा कई कैमरे भी लगाए जाएंगे ताकि एक ही स्थान से पूरे स्टेशन को देखा जा सके।
सेंट्रल स्टेशन के वीआईपी हॉल में पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम ने बताया कि दिल्ली-कानपुर के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन का काम तेज गति से चल रहा है। गाजियाबाद से कानपुर तक टेक्निकल वर्क हो रहा है। इसके पूरा होते ही ट्रैक किनारे स्थित बस्तियों को सुधारा जाएगा।
कानपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से मेमू शेड (ट्रेन को खड़ा करने का स्थान) बनाया जाएगा। गाजियाबाद के बाद कानपुर प्रदेश का दूसरा ऐसा स्टेशन होगा जहां से चारों दिशाओं के लिए मेमू चलेगी। इस काम में अभी तीन साल लगेगा। जबकि न्यू कोचिंग कांप्लेक्स छह माह में बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद नए कोच और नई ट्रेनों की समस्या खत्म हो जाएगी। ट्रेनों की गति के सवाल पर कहा कि इलाहाबाद मंडल में राजधानी 95 से 100 किमी/घंटे से दौड़ती है, जबकि अन्य जगह 65 से 70 है।