फतेहपुर जिले में मलवा थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव में क्वारंटीन होने के बावजूद निर्देशों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने दो प्रवासियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इन पर महामारी फैलाने की कोशिश का आरोप लगाया गया है।
धारूपुर गांव में बाहर से आए हुए धर्मराज (28) व विजय गौतम(22) पर जिला प्रशासन का आरोप है कि यह लगातार क्वारंटीन अवधि में आइसोलेशन का उल्लंघन करते हुए गांव में भ्रमण कर रहे हैं।
ग्राम निगरानी समिति के समझाने के बावजूद इनकी ओर से शासन की गाइड लाइन का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण कोरोना जैसी महामारी के सम्पूर्ण ग्राम में फैलने की प्रबल संभावना हो रही है। डीएम संजीव सिंह ने बताया कि इसी वजह से दोनों पर एफआईआर दर्ज की गई है।