कानपुर में गुमटी नंबर पांच स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम से बड़े ही शातिर ढंग से 2.87 लाख रुपये पार कर लिए गए। शातिर कार्ड स्वाइप कर रुपये निकालने की पूरी प्रक्रिया अपनाते। इसके बाद जैसे ही पैसे बाहर आते शटर को चिमटे से पकड़ लेते।
कुछ देर बाद जब ट्रांजेक्शन डिक्लाइन (लेनदेन रद्द) हो जाता तो रुपये निकालकर शटर छोड़ देते। इससे उनके खाते से पैसे नहीं कटते और एटीएम से पैसे भी निकल जाते। शातिरों ने यह रकम 20 दिसंबर से तीन जनवरी तक निकाली। दो सप्ताह तक किसी को खबर ही नहीं लगी।
शाखा प्रबंधक संजय कुमार मिश्रा ने जब कैश का मिलान कराया तो इसका पता चला। एटीएम बूथ में लगे कैमरों की फुटेज चेक की गई तो शातिर कार्ड स्वाइप करने के बाद बाद कैश ट्रे के शटर में चिमटे से छेड़छाड़ करते नजर आए। नजीराबाद पुलिस ने स्वाइप किए गए एटीएम की डिटेल निकलवाई तो पता चला कि हरियाणा के मेवात की एक बैंक का है। थाना प्रभारी ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।