पुखरायां (कानपुर देहात)।
कस्बे के एक गेस्टहाउस में बीते सोमवार की रात आई बारात में दहेज के लेन-देन को लेकर बहस होने पर नशेबाजी में धुत बारातियों ने जनातियों के साथ मारपीट कर दी। जिससे नाराज दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। बाद में पुलिस चौकी में समझौते के बात चलती रही। इधर, लड़की के राजी न होने पर बिना दुल्हन के दूल्हा बैरंग हो गया।
कस्बे के शिवाजी नगर निवासी रंजीत की शादी हमीरपुर थाना कदौरा के कर्रही निवासी अरविंद कुमार की पुत्री राधा से तय हुआ था। लड़की के पिता ने बताया कि बारात के लिए लड़के पक्ष ने पुखरायां आकर ही विवाह करने की शर्त रखी थी। सोमवार को वैवाहिक कार्यक्रम होना था। जिसके लिए नेतराम गली से सुखाई तालाब रोड स्थित गेस्ट हाउस में बारात का इंतजाम किया गया था। वर पक्ष स्थानीय होने से देर रात धूमधाम से बारात द्वारचार के लिए गेस्ट हाउस के लिए चली। बारात गेस्ट हाउस द्वार पर पहुंचते ही दूल्हा पक्ष की ओर से बाइक के लिए 70,000 रुपये पहले देने की मांग कर दी गई। जबकि वह तय के अनुसार 50,000 रुपये दे रहा था। इसी लेन देन को लेकर बाराती बीच में आ गए। इस दौरान बाराती धक्का मुक्की करने लगे। इसके बाद रिश्तेदारों से मारपीट शुरू कर दी। जिसमें दूल्हे के परिवार वाले भी शामिल हो गए।
यह सब देखकर पहले लड़की के पिता ने शादी से इंकार कर दिया। लड़की के घरवाले अपना सारा सामान लेकर हमीरपुर जाने लगे। ट्रेक्टर में सामान रखते ही लड़के वालों ने रोकने का प्रयास किया। तब स्वयं पुत्री ने निकल कर शादी करने से मना कर दिया। बारात में झगड़ा होता देखकर स्थानीय संभ्रात लोगों ने पहुंच लोगों ने पहुंच कर लड़के पक्ष को फटकारा।
चौकी इंचार्ज उमेशचंद्र शर्मा पुलिस फोर्स लेकर पहुंच गए। दोनों पक्षों को चौकी लेकर आ गए। सुबह तक बात होती रही। दूल्हा और उसके परिवार वाले 50 हजार रुपये देने पर शादी करने को तैयार हो गए। मामला स्वयं पुत्री को तय करने के लिए छोड़ दिया। दूल्हा बिना किसी मांग के शादी करने को तैयार हो गया। बताया कि नशेबाजी में मारपीट हो गई।
वहीं, दूल्हन राधा ने पुलिस चौकी में सबके सामने यह कहकर शादी करने से इंकार कर दिया कि जो इतने लोभी हैं विवाह के पहले ऐसी हरकत कर दी। विवाह के बाद क्या कर सकते हैं। ऐसे व्यक्ति को वह अपना पति स्वीकार नहीं कर सकती और उस परिवार को ससुराल नहीं मान सकती। बेटी के साहस की चर्चा आम हो गई। बिन दुल्हन के दूल्हा परिवार सहित बैरंग लौट गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि बिना किसी एक - दूसरे पर लेन देन का खर्च के दोनों पक्ष राजी होकर चले गए। संबंध नहीं हो सका।