कंपिल। थाना क्षेत्र के गांव नगला रेद निवासी देव सिंह शाक्य (68) का शव रविवार सुबह खेत में मिला। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोट में वृद्घ की नाक दबने के कारण दम घुटने की पुष्टि हुई है। जबकि परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है।
मालूम हो कि देव सिंह घर के बाहर झोपड़ी में सोते थे। जबकि परिवार के अन्य लोग घर के भीतर रहते है। शनिवार रात वह खाना खाकर झोपड़ी में सोने के लिए चले गए। रविवार सुबह पुत्र रूप सिंह उनको जगाने के लिए झोपड़ी में पहुंचा तो वो वहां नहीं मिले तो वह उसकी खोज करने लगा। तभी खेत की ओर से आए ग्रामीणों ने
बताया कि देव सिंह खेत में औंधे मुंह पड़े है। सूचना पर परिजन खेत पर पहुंचे तो देखा कि वह खेत में लेटे है और उनकी नाक से खून निकल रहा है। परिजनों ने हाथ लगाकर पता किया तो सांस भी नहीं चल रही थी। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुत्र रूप सिंह ने बताया कि शौच के लिए पिता खेत पर गए होंगे। उसने पिता की हत्या की आशंका जताई। दरोगा उदयवीर सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में वृद्ध की नाक दबने के कारण दम घुटने से मृत्यु होने की पुष्टि हुई है। एसओ महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के बेटे रूप सिंह की तहरीर पर सूचना दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
खेत में दम घुटने से बुजुर्ग की मौत
- परिजनों ने जताया हत्या का अंदेशा
- बेटे की सूचना पर मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो