अमर उजाला ब्यूरो
छिबरामऊ।
रोडवेज बस स्टैंड के पास दोपहर में बाइक सवार लुटेरों ने तमंचे के बल पर मोबाइल दुकानदार से नगदी लूट ली। कोतवाली पुलिस ने दुकानदार से पूछताछ कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला भैनपुरा निवासी अशोक राठौर की रोडवेज बस स्टैंड के पास कृष्णा मोबाइल्स के नाम से दुकान है। सोमवार की दोपहर वह किसी काम से बाजार गए हुए थे। दुकान पर उनका पुत्र शौर्यप्रताप उर्फ कृष्णा (12) बैठा हुआ था। तभी बाइक से आए एक युवक ने कृष्णा से ईयरफोन लीड देने की बात कही। उसने लीड देने के बाद 150 रुपये बताए। युवक ने 2 हजार रुपये का नोट उसे दिया। जैसे ही उसने गोलक खोलकर रुपये वापस करना चाहा, तभी उस युवक ने तमंचा निकालकर उसे लगा दिया। फिर गोलक में रखी लगभग साढ़े तीन हजार रुपये की नगदी लूट ली। इस दौरान उसका दूसरा साथी दुकान के बाहर बाइक स्टार्ट किए खड़ा रहा। रुपये लूटने के बाद बाइक सवार पूर्वी बाईपास की ओर फरार हो गए।
घटना की जानकारी होते ही मौके पर आस-पड़ोस के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदार से पूछताछ की। काफी देर तक पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी खंगालती रही। कोतवाल संतोष कुमार व्यास ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
तमंचा दिखा मोबाइल विक्रेता से नगदी लूटी
-बाइक सवार लुटेरों ने दिया घटना को अंजाम