लड़की का शव मिलने के बाद हंगामा करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के घाटमपुर में पुलिस चौकी साढ़ के बरईगढ़ गांव के निकट नहर पटरी पर एक युवती का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। शव के पास ही शराब की खाली शीशी और प्लास्टिक के गिलास पड़े मिले। चरवाहों की सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों के आने से पहले ही आनन-फानन शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिसपर ग्रामीण भड़क गए। पुलिस चौकी के सामने रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ रवि सिंह ने समझाने की कोशिश की तो भीड़ उनसे भी भिड़ गई। बाद में एसपी ग्रामीण दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पीड़ित पक्ष साढ़ चौकी क्षेत्र में मजदूरी करता है।
बताया कि बुधवार की सुबह करीब 10 बजे उसकी बेटी (19) बुखार की दवा लेने के लिए बरईगढ़ गांव स्थित पीएचसी जाने को निकली थी। लेकिन, दोपहर तक वापस घर नहीं लौटी। दोपहर बाद बरईगढ़ गांव के पास स्थित नहर पटरी पर सूनसान जगह में चरवाहों ने बबूल के एक पेड़के नीचे युवती का शव पड़ा देखा। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
साढ़ चौकी पुलिस के पहुंचने पर युवती की पहचान पड़ोसी गांव छतेरुआ निवासी युवक की पुत्री के रूप में हुई। शव की पहचान होते ही पुलिस ने उसके परिजनों के आने का इंतजार नहीं किया और आनन-फानन वाहन में लदवाकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया। इधर, परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो उनको युवती का शव नहीं मिला जिससे वह भड़क गए।
भीड़ साढ़ चौकी पहुंची और रोड जाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा होने लगा। भीड़ बढ़ती देख अधिकारियों को सूचना दी गई। सीओ रवि सिंह मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने की कोशिश की तो कुछ लोग उनसे भी भिड़ गए और धक्कामुक्की कर दी। इसकी जानकारी होने पर घाटमपुर में मौजूद एसपी ग्रामीण प्रदुम्न सिंह भी साढ़ पहुंच गए और भीड़ को समझा-बुझाकर रोड जाम खुलवाया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि युवती की हत्या करके शव फेंके जाने की आशंका है। बताया कि अन्य जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हो पाएगी। बताया कि युवती के परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं, पुलिस ने दो-तीन युवकों को हिरासत में भी लिया है। जिनको किसी एकांत जगह पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि युवती के साथ दुष्कर्म तो नहीं किया गया।