घाटमपुर। पुलिस ने आपरेशन मुस्कान के तहत एक गुमशुदा किशोर को खोजने के बाद उसके परिजनों से मिलवाया। किशोर के मिलते ही परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह पुलिस को दुआएं देते हुए किशोर को अपने घर ले गए।
जाजपुर चौकी इंचार्ज पवन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव काटर निवासी रामकुमार का छोटा भाई बाल कुमार (14) 21 फरवरी को घर से अचानक लापता हो गया। परिजन सभी जगह खोजबीन करके परेशान हो गए। उन्होंने कोतवाली में बालकुमार की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस किशोर की तलाश करने में जुट गई। मंगलवार की सुबह किसी ने पुलिस को सूचना दी कि एक किशोर घाटमपुर कस्बा स्थित कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर में लावारिस हालत में घूम रहा है। पुलिस मौके पर गई और किशोर से पूछताछ की तो वह काटर गांव निवासी बाल कुमार निकला। पुलिस ने उसको बरामद करने के साथ परिजनों को सूचना दी। दोपहर में बाल कुमार का भाई और गांव के लोग कोतवाली पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने बताया कि लिखापढ़ी के बाद किशोर को उसके भाई के सुपुर्द कर दिया गया है। बताया कि बाल कुमार मानसिक रूप से बीमार है।