उन्नाव। मॉडल रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित टिकट सेंटर का सांसद साक्षी जी महाराज व मंडल रेल प्रबंधक सतीश कुमार ने गुरुवार को फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान सांसद साक्षी जी महाराज आतंकी घटना को लेकर पाकिस्तान पर जमकर बरसे। उन्होंने जल्द ही पाकिस्तान को करारा जवाब मिलने की बात कहकर देशहित में पीएम मोदी को दोबारा पीएम बनाने की लोगों से अपील की। करीब बीस मिनट का उद्बोधन मोदी के हाथों में एक बार फिर देश की सत्ता रहने पर केंद्रित रही।
रेलवे स्टेशन पर 90 लाख रुपये के बजट से नवनिर्मित टिकट सेंटर, प्रवेश गेट पर डिस्प्ले व प्लेटफार्म दो व तीन पर लगाए गए कोच इंडीकेटर का सांसद व मंडल रेल प्रबंधक ने उद्घाटन किया। सांसद ने उन्नाव से नई दिल्ली के बीच की नए टिकट काउंटर से पहली रेल टिकट भी खरीदी। सांसद ने कहा कि अब यात्रियों को रेल टिकट लेने के दौरान धक्कामुक्की से राहत मिलेगी। वहीं प्लेटफार्म पर ट्रेन का कोच किस स्थान पर होगा। इसके लिए भटकना नहीं होगा। सांसद ने डीआरएम से यात्री सुविधाओं में किसी भी तरह की कमी न होने की बात कही। इसके अलावा खामियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
सांसद ने संबोधन के दौरान पुलवामा के शहीदों को यादकर नमन किया। उद्घाटन समारोह के बाद डीआरएम ने स्थानीय कर्मचारियों से यात्री सुविधाओं व रेलवे स्टेशन की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान आउटर तरफ बने शौचालयों के बंद रहने की शिकायत पर स्टेशन अधीक्षक विश्राम को दोबारा शिकायत न मिलने की चेतावनी दी। इस दौरान जिला दैनिक यात्री संघ जिलाध्यक्ष मुर्तजा हैदर रिजवी ने डीआरएम को ज्ञापन देकर लखनऊ-भोपाल एक्सप्रेस, लखनऊ जयपुर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के साथ ही टिनशेड विस्तार, आधुनिक कैंटीन निर्माण की मांग की। निर्माण कार्य प्रभारी शैलेंद्र कुमार, मधुसूदन यादव, जीआरपी इंस्पेक्टर एसके राय, आरपीएफ एसआई हरिप्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
- सांसद साक्षी जी महाराज व मंडल रेल प्रबंधक सतीश कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया