औरैया। ब्लाक अजीतमल क्षेत्र की ग्राम पंचायत भीखेपुर का डीएम ने विकास कार्यो की स्थलीय निरीक्षण किया और चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।
गांव के परिषदीय विद्यालय में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों ने कोटेदार की शिकायत की। बताया कि कोटेदार उन्हें निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दे रहा है।
इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कोटेदार के खिलाफ जांच कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय के शौचालय में पानी की व्यवस्था ना मिलने पर डीएम ने प्रधानाध्यापक अनुपम कुमार को फटकार लगाई। कहा कि शौचालय में पानी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करें। डीएम ने सीडीओ को सभी मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना में चयनित गांव के प्रत्येक विद्यालय में बच्चों के लिए पर्याप्त मात्रा में फर्नीचर उपलब्ध कराने को कहा।
ग्रामीणों ने चकरोडों पर अवैध कब्जा की शिकायत की। जिस पर डीएम ने लेखपाल रश्मि राठौर को सभी चकरोडों को तत्काल कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए। पीडी जीपी गौतम ने बताया कि 60 लोगों को आवास की नई सूची में जोड़ा गया है, जिन्हें जल्द आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।
डीएम ने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति सूची से छूट गया है तो उसे सूची में जोड़ा जाए। झोपड़ पट्टी में रहने वाला कोई व्यक्ति नहीं छूटना चाहिए। डीएम ने भीखेपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में विद्युतीकरण कराने एवं लक्ष्मणपुर के प्राथमिक विद्यालय में बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने के बीएसए को निर्देश दिए।
सीडीओ सत्येंद्र नाथ चौधरी ने कहा कि सभी पात्र व्यक्ति जिन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। वह ऑनलाइन फार्म भरवाएं। जिससे उन्हें शासन से चलाई जा रही पेंशन योजनाओं का लाभ दिया जा सके। इस मौके पर डीएम ने नए आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया। इस मौके पर 15 गरीबों को कंबल बांटे गए। चौपाल में भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।