शिवली (कानपुर देहात)। मैथा तहसील में सरकारी व गैर सरकारी जमीनों पर बढ़ रहे अतिक्रमण पर कमिश्नर की नाराजगी का असर दिखने लगा है। सुनवर्षा गांव में शनिवार को पहुंचे एसडीएम सीओ ने पुलिस बल के साथ ग्राम समाज की जमीन पर बाउंड्रीवाल के कब्जे को ध्वस्त करा दिया।
सुनवर्षा गांव के राकेश कुमार दुबे ने ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत बीते दिनों कमिश्नर सुभाष चंद शर्मा संपूर्ण समाधान दिवस में की थी। इस पर डीएम ने एसडीएम को अवैध कब्जेदारों पर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए थे। शनिवार को एसडीएम रामशिरोमणि, सीओ रसूलाबाद बैजनाथ व मैथा चौकी इंचार्ज संतोष सोनकर ने टीम के साथ सुनवर्षा गांव पहुंचे। वहां रामसेवक की बाउंड्रीवाल जेसीबी से ढहा दी। इसके साथ ही अन्य अस्थायी कब्जे को भी हटवा दिया गया। उप जिलाधिकारी राम शिरोमणि ने कहा कि सरकारी व निजी जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दबंगई के बल पर कब्जा करने वालों पर गुंडा एक्ट लगेगा।