शुक्लागंज (उन्नाव)। कोतवाली गंगाघाट के गंगा बैराज मार्ग स्थित ट्रांसगंगा सिटी के शंकरपुर मोड़ के पास राह चलते मामा-भांजे पर एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया। हादसे में मामा की जलकर मौके पर मौत हो गई, जबकि भांजा झुलस गया।
जाजमऊ इलाके के प्योंदी गांव के रहने वाले सुनील (40) पुत्र कल्लू अपने भांजे सन्नी गांव निवासी हरीशचंद्र (30) पुत्र राजाराम के साथ शुक्रवार की शाम 6 बजे बाइक से बहन विश्नोई के घर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसगंगा सिटी के शंकरपुर मोड़ के निकट स्थित एक खेत मार्ग पर गुजरते समय मामा-भांजे बाइक खड़ी कर बात करने लगे। इसी बीच मार्ग के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन का तार टूटकर दोनों पर जा गिरा। भांजे हरीशचंद्र ने किसी तरह से जान बचाई। लेकिन सुनील तार की चपेट आकर जलकर मौके पर ही मौत हो गई। एसएसआई गंगाघाट रवींद्र सिंह भदौरियां पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। झुलसे भांजे को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
परिजन पहुंचे जिन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए कहा कि एचटी लाइन के नीचे गार्डिंग नहीं कराई गई जिससे तार टूट गया। बिजली विभाग के एसडीओ आलोक कुमार ने बताया मामले की जांच कराई जाएगी कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता की जाएगी।