शुक्लागंज (उन्नाव)। लखनऊ से कानपुर के बीच सरैया रेलवे क्रासिंग के पास पड़ने वाली रेल पुलिया संख्या-108 की मरम्मत का कार्य कॉशन न मिलने से रोक दिया गया है। आईओडब्लू विभाग की ओर से मरम्मत का कार्य कराया जाना है। इसके लिए एक माह के लिए 20 किलोमीटर कॉशन की डिमांड विभाग से की गईं है।
नाली रेल पुलिया संख्या-109 पर मरम्मत कार्य खत्म होने के बाद अब रेल पुलिया संख्या-108 अप पर आईओडब्लू विभाग द्वारा पुलिया मरम्मत का कार्य होना है। बीते एक सप्ताह से कॉशन की डिमांड विलंबित पड़ी है। गुरुवार को आईओडब्लू (इंस्पेक्टर ऑफ वे) शैलेंद्र कुमार ने बताया कि 108 पुलिया के पिलर की जैकेटिंग (बाहरी दीवार पर सरिया के सहारे प्लास्टर का कार्य) का कार्य होना है। जिसमें करीब एक माह लगेंगे। कार्य के दौरान पुलिया पर गुजरने वाली सभी ट्रेनों के लिए 20 किमी गति से आवागमन कराने के लिए लखनऊ मंडल कार्यालय से कॉशन की डिमांड की गईं है। अब तक कॉशन नहीं मिला है। इस कारण काम रुका पड़ा है। बताया कि बीते दिनों दिल्ली सेफ्टी विभाग के अधिकारियों ने पुलिया की जांच की थी। जिसमें कई खामियां मिली थी, और तत्काल पुलिया की मरम्मत कराएं जाने के निर्देश दिए थे।
अभी एक सप्ताह और लगा रहेगा कॉशन
शुक्लागंज। मगरवारा और गंगाघाट रेलवे स्टेशन के बीच तकनीकी कार्य खत्म कराने से रेल पथ विभाग द्वारा ओएचई पोल संख्या- 60/18 से 60/16 के बीच 20 किमी का कॉशन अभी एक सप्ताह और लगाने का निर्णय लिया है। कॉशन डाउन रेल लाइन पर लगा है। ट्रेनों को दोनों स्टेशनों के बीच धीमी रफ्तार से गुजरना पड़ रहा है।
मगरवारा और गंगाघाट रेलवे स्टेशन के बीच डाउन रेल पथ की मरम्मत का कार्य रेल पथ विभाग करवा रहा है। गिट्टी छनाई के साथ तकनीकी खामियों को सही कराने का कार्य किया जा रहा है। बीते बुधवार को कॉशन लगाकर कार्य किया गया, जो कि पूरा नहीं हो सका है। विभाग ने लखनऊ कंट्रोल से 20 किलोमीटर की गति से ट्रेनों का संचालन कराने के लिए एक सप्ताह के लिए कॉशन मांगा जो स्वीकृत हो गया है। ऐसे में कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनें प्रभावित होंगी क्योंकि कॉशन स्थल के करीब दो किलोमीटर पहले ही ट्रेनों की गति ट्रेन चालक धीमी करनी शुरू करते है ऐसे में डाउन ट्रैक से गुजरने वाली शताब्दी एक्सप्रेस समेत अन्य कई प्रमुख प्रभावित होंगी।
..