अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। अलग-अलग हुए सड़क हादसों में स्नातक छात्र समेत छह बाइक सवार घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवारों के सिर पर हेलमेट नहीं थे।
शहर के तुलसी विहार कालोनी निवासी कपिल (18) पुत्र भगवानदास सोमवार को सुबह कालेज जाते समय टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालू कुआं चौराहे के पास बाइक से गिरकर घायल हो गया। चौकी पुलिस ने राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
कपिल यहां पंडित जेएन डिग्री कालेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। एक अन्य घटना में गिरवां क्षेत्र के बिगहना गांव का आनंद (40) सोमवार को दोपहर अपनी भाभी चुन्नी (45) और भतीजी विशेखा (15) के साथ बाइक पर बांदा आ रहा था। हाईवे पर खुरहंड चौराहे पर सामने से आ रही बोलेरो की टक्कर से तीनों घायल हो गए।
यूपी-100 ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। उधर, गिरवां क्षेत्र के मसुरी गांव का महेश (40) रविवार को शाम चाचा नरेंद्र (50) के साथ कालिंजर जा रहा था। रास्ते में बाइक से गिरकर दोनों घायल हो गए। यूपी-100 ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नरैनी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
- घायल बाइक सवार नहीं लगाए थे हेलमेट