अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। थाना क्षेत्र के मनका रोड पर बाइक सवार ठेकेदार को किसी वाहन ने टक्क र मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मनका निवासी ठेकेदार प्रदीप कुमार पांडेय (34) पुत्र कैलाश पांडेय मंगलवार की शाम बाइक से गांव से बरगढ़ कस्बा गया था। रात को लौटते समय हाईवे पर मनका गांव के पहले इलाहाबाद की ओर से आए किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
चोट अधिक होने से वह बेहोश हो गया। कुछ देर बाद वहां से गुजरे अन्य वाहन में सवार लोगाें ने यूपी 100 पुलिस को फोन कर जानकारी दी। यूपी 100 पुलिस घायल युवक को मऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रही थी। रास्ते में ही मौत हो गयी। उसके दो पुत्र हैं। बताया जाता है कि बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। शरीर के अन्य हिस्सों के अलावा सिर में भी गंभीर चोट आई थी।