अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर जैतीपुर रेलवे स्टेशन के पास युवक का क्षतविक्षत शव पड़ा मिला। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पास से मिले आधारकार्ड से सूचना परिजनों को दी गई। परिजनों ने युवक की पहचान की।
कानपुर, रेलबाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर कैंट निवासी मुजम्मिल (22) पुत्र रईस शुक्रवार की शाम घर से लखनऊ जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाशना शुरू किया, लेकिन कहीं पता नहीं चला। सुबह रेलबाजार थाने से सूचना मिलने पर परिजन उन्नाव जिला अस्पताल पहुंचे।
जीआरपी एसओ सीपी सिंह ने बताया कि सुबह जैतीपुर स्टेशन के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मृतक के पास मिले आधारकार्ड से उसके निवास स्थान का पता चला। पुलिस ने ट्रेन से गिरकर मौत होने का अंदेशा जताया है। मृतक के पिता के मुताबिक, मुजम्मिल ग्रेजुएशन कर चुका था। आगे की पढ़ाई के सिलसिले में ही लखनऊ गया था। बताया कि वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। मुजम्मिल की मौत की खबर सुनकर मां शायराबानो व अन्य का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रेन से गिरकर छात्र की मौत
लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर जैतीपुर रेलवे स्टेशन पर हुई घटना
कानपुर के रेलबाजार थानाक्षेत्र के मीरपुर कैंट का निवासी था युवक