उन्नाव। मानसून की पहली झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खेतों में रौनक बढ़ गई है और धान की रोपाई के साथ अन्य फसलों की बुआई में तेजी आ गई है। वहीं शहर में भीषण जलभराव से लोगों को परेशानी भी हुई।
शनिवार देरशाम से ही आसमान में बादल छा गए थे। रविवार भोर पहर करीब चार बजे तेज हवाएं चलने लगी। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। पहले झोंके में काफी तेज पानी गिरा। बाद में सुबह 11 बजे तक रुक रुककर कई चक्रों में बारिश हुई। कभी तेज और कभी धीमी बरसात से एक तरफ लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
वहीं किसानों के भी चेहरे खिल उठे। तहसील हसनगंज, सफीपुर व पुरवा में ठीकठाक पानी बरसा। वहीं शहर भी इससे अछूता नहीं रहा। अच्छी बारिश होने से खेतों में रौनक लौट आई। कई ग्रामीण क्षेत्रों में किसान धान की बेड़ों (पौध) की रोपाई करने में जुट गए।
इसके अलावा अन्य फसलों के लिए खेतों की जुताई में भी तेजी आ गई। मगर शाम को निकली तेज धूप ने उमस बढ़ा दी। असोहा, औरास, फतेहपुर चौरासी व मौरावां प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लाक क्षेत्रों में मौसम की पहली तेज बारिश से पानी के लिए तरस रहे किसानों को मानों संजीवनी मिल गई।
बारिश से शहर के अलावा ग्रामीण इलाकोें की भी बिजली गुल रही। कुंदनरोड उपकेंद्र से विभिन्न सबस्टेशनों को आई लाइनें कई जगह ब्रेकडाउन हुईं। कई मोहल्लों के ट्रांसफार्र्मर फुंक गए। जिससे क्षेत्रों की घंटों बिजली गुल रही। बिजली न आने से लोग बेहाल रहे। दोपहर बाद आपूर्ति सामान्य कर दी गई।
कई घंटे की बारिश से अधिकांश मोहल्लों में भीषण जलभराव हो गया। शहर के गांधीनगर, ईदगाह, इंद्रानगर, डीएसएन कालेज रोड, आदर्शनगर, हिरननगर, पीडीनगर, कृष्णानगर, शिवनगर, सिविल लाइन, कब्बाखेड़ा, मौहारीबाग, कल्याणी सहित अधिकांश मोहल्लों में पानी भर गया। गलियां पानी में डूब र्गइं, जिससे लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं।
-शहर में जलभराव होने से लोगों को हुई परेशानी, मगर गर्मी से राहत मिलने से खुश
-धान रोपाई के साथ अन्य फसलों की बुआई में आई तेजी
अमर उजाला ब्यूरो