कोरोना पॉजिटिव बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर के संपर्क में आए कुल 18 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें दो बिजनेस परिवार के लोग शामिल हैं। एक परिवार के आठ और दूसरे परिवार के तीन लोग हैं। इन लोगों के कोरोना निगेटिव होने से कनिका की पार्टी में आए अन्य लोगों को बड़ी राहत मिली है।
बताया जा रहा है कि इस पार्टी में करीब डेढ़ सौ लोग आए थे। लेकिन सैंपल सिर्फ 53 लोगों के ही लिए गए। पार्टी में शामिल कई लोग जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के संक्रामक रोग अस्पताल का चक्कर लगा रहे हैं। 18 में से छह लोग शनिवार को ही कोरोना निगेटिव पाए गए थे।
गायिका पार्टी मामले में कल्पना टॉवर और सागर विला में रहने वाले अन्य परिवारों को भी क्वारंटीन में शामिल कर लिया गया है। रविवार को ऐसे कुछ लोगों ने आईडीएच आकर जांच कराने की इच्छा जाहिर की। लेकिन कोरोना का कोई लक्षण न होने से इनका सैंपल नहीं लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग अभी अन्य लोगों की सैंपल रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहा है। साथ ही पार्टी में आने वाले सभी लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें चिह्नित कर रही हैं। अगर इनमें से एक भी व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला तो जो लोग बचे हैं उनकी भी जांच कराई जाएगी।