कानपुर देहात। जिले की सभी 28 पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला लगाया गया। इसमें 52 डॉक्टरों व 119 स्वास्थ्य कर्मियों ने 1791 रोगियों का उपचार किया। बारिश के साथ मौसम में हुए बदलाव से मेला में बुखार के रोगियों में इजाफा हुआ है।
आरोग्य मेला में कुल 149 बुखार रोगी चिन्हित किए गए। जिसमें ने 32 रोगियों की मलेरिया व चार रोगियों की डेंगू की जांच की गई। एक भी रोगी डेंगू व मलेरिया से ग्रसित नहीं पाया गया। इसके अलावा 20 लोगों की आंखों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 91 रोगी सर्दी जुकाम, 152 पेट संबंधी रोगी व 187 त्वचा रोगी मिले। वहीं एक कुपोषित बच्चा व पांच संभावित क्षय रोगी भी चिन्हित किए गए।
वहीं आरोग्य मेला में स्टाफ की उपस्थिति व सुविधाओं को परखने के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. आदित्य सचान ने पीएचसी देवराहट, मूसानगर व जरसेन का निरीक्षण किया। उन्हें यहां डॉक्टर व स्टाफ मौजूद मिला। साथ ही पीएचसी पर महत्वपूर्ण दवाइयों का स्टॉक भी मौजूद मिला। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि बारिश के बाद से बढ़ी उमस में जरा सी लापरवाही में लोग बीमार पड़ रहे हैं। ऐसे में खानपान से लेकर पहनावे में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने घरों की छत, कबाड़ व अन्य स्थानों पर जल जमाव न होने देने की अपील की है। जिससे डेंगू के लार्वा न पनप सके।