बांगरमऊ। जाम की समस्या खत्म करने के लिए पालिका प्रशासन ने हरदोई-उन्नाव मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान की जद में गुमटी व पटरी दुकानदार ही आ सके।
उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार व नगर पालिका परिषद ईओ मीनू सिंह के नेतृत्व में सफ ाईकर्मियों की टीम ने हरदोई-उन्नाव मुख्य मार्ग पर नगर पालिका कार्यालय के सामने से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। अभियान में जहां स्थाई रूप से अतिक्रमण किए दुकानदारों को सिर्फ सामान हटाने की चेतावनी दी गई। वहीं गुमटी और पटरी दुकानदारों को तुरंत हटा दिया गया। नगर के नानामऊ मार्ग तिराहा से लेकर तिकोनिया पार्क तक सड़क के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा स्थायी रूप से अतिक्रमण किया गया है। अतिक्रमण के चलते नगर के प्रमुख मार्गों पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी समस्या को हल करने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान में नगर पालिका परिषद के लिपिक रवींद्र कुमार, कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह व कस्बा चौकी इंचार्ज अजीम खान मौजूद रहे।