सर्द हवा ने बढ़ाई मुसीबत, ठंड से बुजुर्ग की मौत
पहाड़ी/भरतकूप(चित्रकूट)। जिले में लगातार सर्द हवाओं से ठंडक बढ़ी है। रविवार की सुबह ठंड लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पहाड़ी, भरतकूप समेत कई स्थानों से अलाव न जलने की शिकायतें मिल रहीं हैें।
रामनगर ब्लाक क्षेत्र के रैपुरा गौरिया कौबरा निवासी शिवलाल ने बताया कि रविवार को तड़के उसके पिता दशरथ(65) पुत्र जागेश्वर सोकर उठे तो बाथरूम जाने के पहले ही ठंड लगने की शिकायत की। इसके बाद वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के तीन पुत्र दो पुत्रियां हैं। जिलाधिकारी रात को भ्रमण कर अलाव व ठंड से प्रभावित लोगों की जानकारी ले रहे हैं लेकिन ग्रामीण इलाकों में कई बार कहने के बाद भी हालात नहीं सुधरे। पहाड़ी, भरतकूप व शिवरामपुर के कई क्षेत्रों में भीषण ठंड के बाद भी अलाव न जलने से तीर्थ यात्री व ग्रामीण परेशान हैं। जिसको देखते हुए प्रशासन से मांग किया है कि अलाव की व्यवस्था की जाए।
भरतकूप कस्बा स्थित तीर्थ स्थल भरतकूप मंदिर में अलाव न जलने से तीर्थ यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिवरामपुर कस्बा, खोही बाजार व पहाड़ी कस्बे में अलाव नहीं जल रहे हैं। ग्रामीण राजकुमार सिंह, अजय तिवारी, कमलेश पाठक ने बताया कि इस समय भीषण ठंड पड़ रही है। जिसको देखते हुए अलाव जलवाएं जाएं। उधर सीतापुर निवासी रणविजय (58) पुत्र प्रकाश सिंह को ठंड लगने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।