फफूंद (औरैया)। कालाबाजारी को जा रहा चार बोरी सरकारी चावल पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। साथ ही बरामद चावल को एक कोटा डीलर को सौंपा गया।
जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को पूर्ति निरीक्षक बिधूना कृपाशंकर और पूर्ति निरीक्षक अजीतमल रामराज ने फफूंद थाने पहुंचकर गुरुवार को पकड़े गए चार बोरी सरकारी चावल की जांच पड़ताल की।
टीम ने कमलेश कुमार पुत्र रामेश्वर दयाल निवासी ग्राम केशमपुर पसईपुर के खिलाफ सरकारी चावल की कालाबाजारी करने का मामला दर्ज कराया है। बरामद सरकारी चावल को कोटा डीलर को सौंपा गया है।
एसआई राजेश पांडे ने बताया गुरुवार को नहर बंबा सिंदुरिया आलमपुर के पास कमलेश कुमार को चार बोरी सरकारी चावल के साथ गिरफ्तार किया गया था। ब्यूरो