अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। सदर विधायक के ट्रैक्टरों से चोरी हुईं तीन बैट्रियां पुलिस ने 24 घंटे में ही बरामद कर लीं, जबकि शहर की तमाम चोरियों का आज तक खुलासा नहीं हो पाया। मामला विधायक का था तो पुलिस ने चोरों को दबोचने में पूरी ताकत झोंक दी। दो को गिरफ्तार कर पुलिस ने नौ बैट्रियां बरामद की हैं। इनमें तीन बैट्रियां विधायक के ट्रैक्टरों की हैं।
28 जून की रात डीएम के बंगले के नजदीक स्थित डीएम कालोनी में विधायक प्रकाश द्विवेदी के आवास के पास खड़े उनके तीन ट्रैक्टरों से बैट्रियां चोरी हो गईं थीं। ये ट्रैक्टर शहर में टैंकरों से जलापूर्ति के लिए लगाए गए हैं। विधायक के ट्रैक्टरों से बैट्री चोरी ने पुलिस की नींद उड़ा दी। शहर पुलिस अपनी किरकिरी और कार्रवाई बचाने को जुट गई।
अंतत: शनिवार को कोतवाली पुलिस ने देर रात शहर के खूंटी चौराहा, अतर्रा रोड के पास मैक्स पिकअप पकड़ने का दावा किया है। पिकअप में सवार अजय द्विवेदी पुत्र रामकृपाल द्विवेदी और तौसीफ पुत्र तौफीक को गिरफ्तार कर लिया। अजय तिंदवारी थाना क्षेत्र के गोधनी गांव और तौसीफ तिंदवारी का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक विधायक के ट्रैक्टरों से तीन बैट्रियाें के अलावा छह अन्य बैट्रियां दूसरे ट्रैक्टरों से चुराई गई थीं। हालांकि यह किन ट्रैक्टरों से और कहां से चुराई गई? यह पुलिस ने नहीं बताया। दोनों के विरुद्ध शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने पिकअप को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम में खाईंपार चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव, कांस्टेबिल प्रतीक यादव, कृष्ण कुमार यादव औरश बब्लू कुमार शामिल हैं।
विधायक की तीन बैटरियों समेत 9 बैटरियां बरामद
विधायक के ट्रैक्टरों से चोरी हुई थीं बैटरियां
किरकिरी बचाने को पुलिस ने की फौरी कार्रवाई
दो को गिरफ्तार कर बैटरियां कीं बरामद