अमर उजाला ब्यूरो
कायमगंज। नगर क्षेत्र के मोहल्ला मेहंदीबाग में गुरुवार रात चोरों ने प्रधान के घर में घुसकर दोलाख रुपये का सामान चुरा लिया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
मेहंदीबाग निवासी पूर्व प्रधान होरीलाल मिश्रा के घर गुरुवार रात लगभग दो बजे चोर दीवार के सहारे छत पर पहुंचे। छत पर बने कमरे में उनकी पत्नी सर्वेशवती व पुत्री अनुष्का सो रही थी। चोरों ने उनके कमरे की कुड़ी बाहर से बंद कर दी। जीने में नीचे लगा दरवाजा अंदर से बंद था। तब चोर छत पर पडे़ जाल से जीने की कुंडी खोल अंदर घुस गए। एक कमरे में ग्राम प्रधान ललई उर्फ अवनीश मिश्रा, उनकी पत्नी भावना व पुत्र अध्ययन सो रहा था। चोरों ने उनके कमरे का भी दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
इसके बाद चोरों ने अलमारियों में रखी लगभग 45 ग्राम वजन की दो सोने की चेन, 4 सोने की अंगूठी, 1 मंगलसूत्र, 1 जोड़ी सोने के टॉप्स, दो जोड़ी चांदी की पायल व 5 हजार रुपये की नगदी चुरा ले गए। चोर जाते समय जीने के दरवाजे की छत से कुड़ी लगा गए। सुबह जब पूर्व प्रधान की पत्नी व पुत्री सोकर उठी तो कमरे के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी। आवाज लगाने पर अवनीश दरवाजा खोलने के लिए ऊपर जाने लगा पर उसे जीने के दरवाजे भी छत की ओर बंद मिला।
शोर मचाने पर पड़ोसी की छत से जाकर दरवाजा खोले गए। घर में चोरी की सूचना अवनीश ने गांव में ठहरे अपने पिता होरीलाल व कोतवाली पुलिस को दी। सूचना सीओ नरेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार व भाजपा नेता डॉ. विकास शर्मा मौके पर पहुंचे। सीओ व कोतवाल ने गहनता से जांच पड़ताल की।
सीओ नरेश कुमार के निर्देश पर डॉग स्क्वाएड के हैंडलर जैवेंद्र सिंह डॉग आस्कर के साथ फील्ड यूनिट के एसआई ओमप्रकाश व सुरेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने चोरों की उंगलियों के निशान लिए। आस्कर गंध सूंघकर सबसे पहले छत पर गया। उसके बाद खेतों से होते हुए अलीगंज रोड स्थित रेलवे क्रासिंग के पास जाकर रुक गया। काफी प्रयास के बावजूद चोरों का कोई पता नहीं चला।
-मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी
-खोजी कुत्ता रेलवे क्रासिंग के पास जाकर रुक गया