अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के पटरियों से उतरने की जांच अब लखनऊ से बढ़कर दिल्ली के बड़ौदा हाउस तक पहुंच गई है। जांच टीम में शामिल लखनऊ के अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर अब दिल्ली के अधिकारियों ने कई मंडल व स्थानीय अफसरों को तलब कर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएस से लेकर अन्य अफसरों को दिल्ली तलब किया गया है।
21 मई को मुंबई से लखनऊ जा रही लोकमान्य टर्मिनल एक्सप्रेस उन्नाव स्टेशन के तीन नंबर प्लेटफार्म के पास पटरियों से उतर गई थी। ट्रेन के 11 डिब्बे डिरेल हो गए थे। ट्रैक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। गनीमत थी कि जनहानि नहीं हुई थी। ट्रेन हादसे के दूसरे दिन डीआरएम सतीश कुमार मौके पर पहुंचे थे और हादसे की बारीकी से जांच करने को टीम गठित की थी। टीम ने कई दिन तक जांच के बाद रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को दी थी।
रिपोर्ट अब दिल्ली के बड़ौदा हाउस पहुंच गई है और विभाग के आलाधिकारियों ने इस रिपोर्ट के आधार पर मंडल व स्थानीय कई अधिकारियों को तलब किया है। इसमें एसएस उन्नाव विश्राम को हाल में दिल्ली बुलाकर पूछताछ की गई थी। इसमें उनसे हादसे के कारणों की जानकारी ली गई। विभागीय सूत्रों की मानें तो इसके बाद रेलवे के मेंटिनेंस विभाग के स्थानीय अधिकारियों को भी दिल्ली तलब कर पूछताछ की गई।
मंगलवार को दोबारा एसएस को दिल्ली तलब किया गया और फिर से जानकारी ली गई है। विभागीय सूत्रों की मानें तो ट्रेन हादसे की जांच अब किनारे पहुंच गई है। हादसे में कई अधिकारियों व कर्मचारियों की गर्दन फंस रही है। इससे स्थानीय अधिकारियों में खलबली भी मची हुई है। एसएस विश्राम की मानें तो उनसे हादसे से संबंधित कई पहलू में जानकारी ली गई है। बताया कि इस मामले में स्थानीय कई अन्य को भी बुलाया गया है। सभी से पूछताछ के बाद ही कुछ निर्णय सामने आएगा। बोले अभी जांच चलेगी।
ट्रेन हादसे की जांच को अफसर दिल्ली तलब
लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के पटरियों से उतरने की जांच अब दिल्ली पहुंची