नारायणपुरवा गांव में बाड़े की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। जसवंतनगर के भारद्वाजपुरा गांव में 12 वर्षीय योगेश कुमार पर बरगद का पेड़ गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में उसकी दो बकरियों की भी मौत हो गई। जगसौरा गांव में भागवत कथा के दौरान तेज हवा से टेंट पलट गया। इसकी चपेट में आकर 45 वर्षीय शिमला देवी घायल हो गईं और उनके सिर में चोट आई।
लाइनपार, फ्रेंड्स कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी, कचहरी सड़क और जिला अस्पताल परिसर में पेड़ व डालियां गिरने से बिजली के तार टूट गए। रायनगर से जसवंतनगर आने वाली 33 हजार केवी बिजली लाइन के खंभे टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। कचौरा सड़क पर कोल्ड स्टोर के पास ट्रांसफार्मर का खंभा भी गिर पड़ा। व्यापक नुकसान के कारण देर रात तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। शहर के मदन अस्पताल में भी आंधी से चेंबर और मुख्य द्वार क्षतिग्रस्त हो गए।
वहीं ग्रामीण उपकेंद्र पर बिजली पहुंचने के बावजूद पांचों फीडरों पर पोल टूटने और तार गिरने से आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। एसडीओ संत कुमार वर्मा ने बताया कि 33 हजार की लाइन को कुछ देर में चालू कर दिया गया था, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के फीडरों में फाल्ट बना रहा। प्रारंभिक जांच में करीब दस पोल टूटने की संभावना है।
तेज आंधी से पूरे जिले की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लगभग 170 खंभे गिरे है। सबसे अधिक खंभे पेड़ों के गिरने से क्षतिग्रस्त हुए है। सबसे पहले बड़ी लाइनों की पेट्रोलिंग करवाई जा रही है। सभी कर्मचारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए है, प्रयास यही है कि जल्द से जल्द जिले की बिजली आपूर्ति बहाल करवा दी जाए। - ऋषभ देव, अधीक्षण अभियंता