कानपुर के हैलट अस्पताल में कोरोना से मरने से पहले चुन्नीगंज स्थित अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल में भर्ती कर्नलगंज के कपड़ा कारोबारी का इलाज करने वाले चार डॉक्टरों समेत स्टाफ के 17 लोगोें की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
इससे अस्पताल के समूचे स्टाफ ने राहत की सांस ली है। बता दें डॉक्टरों समेत अस्पताल के 100 लोग 14 दिन के लिए क्वारंटीन हैं। कारोबारी के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान फिजीशियन डॉ. शाहिद सहित चार डॉक्टर, पांच स्टाफ नर्सों समेत 17 लोग सीधे उनके संपर्क में आए थे।
इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 16 अप्रैल को सभी के सैंपल लिए थे। रात में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी नर्सिंगहोम में काम करने वाले पांच अन्य चतुर्थ श्रेणी कर्मी कर्मचारी भी अस्पताल में ही क्वारंटीन हैं।
इन्हें मोहल्ले वालों ने घर में नहीं घुसने दिया था। अस्पताल के 78 अन्य कर्मी अपने घरों में क्वारंटीन हैं। अस्पताल के निदेशक डॉ. जमालुद्दीन ने बताया कि कोरोना का प्रभाव शुरू होते ही उन्होंने अस्पताल के पूरे स्टाफ को किट, मास्क आदि उपलब्ध करा दिए थे। इसी वजह से संक्रमित के सीधे संपर्क में आने वालों की भी रिपोर्ट निगेटिव आई है।