पुखरायां। भोगनीपुर विधानसभा की कुसरजापुर से मांचा होकर जाने वाली और अटवा-सिहारी रोड का चौड़ीकरण 1629 लाख की लागत से होगा। इसके लिए शासन से स्वीकृत प्रदान की गई है। दोनों मार्ग के चौड़ीकरण होने से करीब 20 से अधिक गांवों को आवागमन में सहूलियत होगी।
पुखरायां नगर पालिका के विस्तारीकरण होने पर कुसरजापुर को शामिल किया गया है। इस गांव का मार्ग झांसी-कानपुर हाईवे से जुड़ा है। यह मार्ग कुसरजापुर होकर मांचा होते हुए पातेपुर-अमरौधा तक जाता है। इस मार्ग का चौड़ीकरण 373 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। जिसकी लंबाई 2.500 किलोमीटर है। वहीं, अटवा-सिहारी लिंक मार्ग लंबाई 8.600 किलोमीटर है। इसका चौड़ीकरण 1256 लाख रुपये लागत से कराया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बताया कि शासन की ओर से जन सुविधाओं और विकास कार्यों पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। जिसके तहत भोगनीपुर क्षेत्र जो सड़कें चौड़ीकरण के लिए छूट गई थीं। उनके प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे। उनको भी शामिल कर शासन से चौड़ीकरण की स्वीकृति दे दी गई है। जिसकी प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई है। जिसमें आम जनता को सुगमता होगी।
सड़कों पर सुरक्षा को भी ध्यान में रखा गया है। जिसके लिए चांदपुर से मलासा से होकर झांसी-कानपुर हाईवे को देवीपुर चौराहा से बरौर होते हुए इटावा-कानपुर हाईवे को बल्हारामऊ जोड़ने वाले रोड का चौड़ीकरण कराया जा चुका है। इसमें सभी जगह सुरक्षा के लिए टेबल टॉप व सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। अब मूसानगर से मुगलरोड में जुड़े गजनेर रोड से चांदपुर होकर झांसी-कानपुर व इटावा-कानपुर हाईवे पर पहुंचा जा सकता है।
..................
वर्जन............
झांसी-कानपुर हाईवे से कुसरजापुर होकर मांचा, पातेपुर अमरौधा व अटवा-सिहारी मार्ग का चौड़ीकरण कराए जाने और चौड़ीकृत मार्ग चांदपुर से बल्हारामऊ तक में चांदपुर, मलासा, देवीपुर, कैलई, बरौर, बल्हारामऊ के पास टेबल टॉप व सूचना बोर्ड लगाए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही कार्य शुरू होंगे। - एचके सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण निर्माण खंड-1 लोक निर्माण विभाग कानपुर देहात