माई सिटी रिपोर्टर कानपुर। डफरिन अस्पताल के एक कर्मचारी के कोरोना संक्रमित होने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने अस्पताल का मेस्टन रोड की तरफ जाने वाला रास्ता और गेट सील कर दिया। संक्रमित मरीज के संपर्क में 25 से ज्यादा अन्य कर्मियो, परिजनोंं के अलावा सैकड़ों मरीजों के भी संपर्क में आने की आशंका है। डफरिन अस्पताल परिसर में रहने वाला इसी अस्पताल का सफाई कर्मी ओपीडी में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए मरीजों की लाइन लगवाता था और उन्हें सेनीटाइज कराता था। 3 दिन पहले इस कर्मी ने बुखार सहित कोरोना के अन्य लक्षण होने की बात अस्पताल प्रशासन को दी। अस्पताल प्रशासन ने इसकी कोरोना जांच कराई। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ वीबी सिंह ने इस कर्मचारी के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की। बताया कि उसके संपर्क में आए अन्य कर्मियों उनके परिजनों सहित सीधे संपर्क में आए अन्य लोगों की लिस्ट बनाई जा रही है। इन सभी की कोरोना जांच कराई जाएगी। कोरोना संक्रमित कर्मचारी परिवार और अन्य कर्मियों के साथ अस्पताल परिसर में ही पीछे की तरफ रहता है, उस क्षेत्र को सील कर दिया गया है। मेन गेट खुला है। अस्पताल की ओपीडी नियमित रूप से चल रही है।