बांगरमऊ। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चकहनुमान में बुधवार शाम चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया और गोलक में रखी 80 हजार की नगदी पार कर दी।
चक हनुमान निवासी संतोष कुमार का गांव के बाहर मकान है। यहीं भवन निर्माण सामग्री की दुकान भी है। बुधवार देर शाम करीब 7 बजे वह दुकान बंद कर गांव में स्थित अपने पुराने घर खाना खाने गया था। करीब डेढ़ घंटे बाद वह लौटा तो शटर का ताला टूटा मिला। दुकान में रखे 80 हजार रुपये नहीं मिले। बताया कि दो दिन पूर्व इसी दुकान के बाहर उसके व रामआसरे के ट्रैक्टरों से दो बैटरी चोरी हो चुकी हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।