रसूलाबाद (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के अटिया रायपुर बंबी की सफाई कर रहे श्रमिकों को पांच सोने के सिक्के मिले। इनमें एक सिक्के को श्रमिकों ने एक सुनार को बेच दिया। वहीं, बंटवारे को लेकर श्रमिक आपस में भिड़ गए, इसकी सूचना किसी ने यूपी 100 पुलिस को दे दी। पुलिस ने सभी श्रमिकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
अटिया रायपुर बंबी में मुनेश कुमार, श्याम सिंह, छुनुवा यादव व रामजी त्रिवेदी सफाई कर रहे थे, तभी मुनेश को सफाई के दौरान सोने के पांच सिक्के मिले। सभी ने एक-एक सिक्का ले लिया बचे हुए एक सिक्के को कस्बे के ज्वैलर्स हिमांशु को 21 हजार रुपये में बेच दिया गया, उन रुपयों की बंटवारे के दौरान चारों आपस में झगड़ने लगे। इसकी जानकारी कर किसी ने सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। पुलिस ने चारों श्रमिकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। पुलिस ने उसके पास से चार सिक्के बरामद कर लिए, वहीं एक सिक्के को उनकी निशानदेही पर ज्वैलर्स के यहां से बरामद कर लिया गया। एसडीएम परवेज अहमद व सीओ बैजनाथ ने लिखापढ़ी कर सूचना पुरातत्व विभाग के साथ शासन को भेजी। थाना प्रभारी आलोक सिंह यादव ने एक सिक्के का वजन लगभग 9 ग्राम है। ज्वैलर्स के मुताबिक, सिक्के सोने के हैं। पुरातत्व विभाग अब पता लगाएगा, यह सिक्के किस काल के हैं। बंबी में लगे पत्थर पर निर्माण वर्ष 1900 लिखा दिख रहा है, बाकी धुंधला होने की वजह से पढ़ने में नहीं आ रहा है। सिक्के मिलने की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई।