अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। पिता की डांट से क्षुब्ध किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। दूसरी घटना में युवक ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। उसे जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया। बबेरू कोतवाली के तरायां गांव में नत्थू यादव की पुत्री रमाकांती (14) ने शुक्रवार को दोपहर कमरे में रखी लकड़ी की सीढ़ी में रस्सी से फांसी लगा ली।
भाई देवनाथ ने फंदे पर लटका देखा और तुरंत हंसिया से रस्सी काटकर नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पिता ने बताया कि खुले में नहाने पर रमाकांती को डांट दिया था। इसी से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली।
मृतका चार बहनों में तीसरे नंबर की थी और 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। एक अन्य घटना में बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव में लल्लू (24) पुत्र रमापति ने शनिवार को सुबह कमरे में रस्सी से फांसी लगा ली। पिता ने देखा और फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिजन फांसी लगाने की वजह स्पष्ट नहीं कर सके।
पिता की डांट से क्षुब्ध किशोरी ने दी जान