अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। बिवांर थानाक्षेत्र के छानी बुजुर्ग में चार युवकों ने दुकानदार पर तमंचे से फायर कर गोलक में रखे 90 हजार रुपये निकाल लिए। यूपी 100 ने दो युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से तमंचा बरामद किया है।
थानाक्षेत्र के छानी बुजुर्ग निवासी अंकित कुमार पुत्र श्यामकिशोर शिवहरे ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अपनी बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान में था। तभी दुकान के पास एक कार आई। इसमें छानीखुर्द गांव निवासी अंकित, पंकज पुत्रगण सुरेश कुमार शिवहरे के साथ दो अज्ञात युवक सवार थे। कार से नीचे उतरकर युवक उससे अभद्रता करने लगे। उसके विरोध करने पर चारों युवकों ने मारपीट शुरू कर दी।
उसी समय पंकज ने उस पर तमंचा से फायर कर दिया लेकिन फायर मिस हो गया। इसके बाद उसके गोलक से रखे 90 हजार रुपये निकाल लिए। बताया कि उसके पिता श्यामकिशोर जानकारी होने पर दुकान आए। शोर सुनकर पड़ोसी विनोद, संदीप आ गए।
उन्होंने पंकज से तमंचा छीन लिया। दुकानदार के पिता ने यूपी 100 को सूचना दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस को तमंचा सौंपा। पुलिस दोनों भाइयों अंकित व पंकज को असलहा सहित गिरफ्तार कर थाने ले गई। दुकानदार ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी एसआई नारायण सिंह ने बताया कि जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।