भरुआसुमेरपुर। थानाक्षेत्र के बांकी गांव में युवती को खरीदकर शादी रचाने की खबरें मीडिया में आने पर पुलिस दंपति को थाने लाई और बयान लिए। दुल्हन ने बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी रचाई है। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद उन्हें गांव भेज दिया।
बांकी गांव निवासी सुरेश वर्मा की शादी गाजीपुर निवासी काजल के साथ हुई है, लेकिन शादी के दौरान दुल्हन काजल के परिजनों के मौजूद न रहने के कारण उसे खरीदकर शादी करने की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई। जिसे मीडिया कर्मियों ने प्रकाशित किया।
इन्हीं खबरों का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बांकी गांव पहुंचकर नवदंपति सुरेश वर्मा व उसकी पत्नी काजल के साथ उसके पिता दीनदयाल को थाने लाई। एसओ महेंद्र कुमार वर्मा को काजल ने बताया कि वह बालिग है। अपनी मर्जी से दूल्हे का चयन कर विवाह किया है। उसे किसी ने नहीं बेचा है।
शादी कराने में उसकी बहन ममता व जीजा छोटेलाल ने सहयोग किया है। काजल ने खरीद फरोख्त की बात से इंकार किया है। पुलिस ने नवदंपति के बयान दर्ज करने के बाद गांव भेज दिया। वहीं सुरेश के पिता दीनदयाल वर्मा बहू को खरीदकर लाने की बात से पहले ही इंकार कर चुके हैं। सिर्फ दुल्हन के परिजनों के मौजूद न रहने से यह चर्चा बन गई।
-पुलिस ने दंपति को थाने में लाकर दर्ज किए बयान
अमर उजाला ब्यूरो