कोरोना की जांच करते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : DEHAT
बिल्हौर (कानपुर)। क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को हुई एंटीजन जांच में बिल्हौर और शिवराजपुर में छह-छह और चौबेपुर में चार कोरोना पॉजिटिव मिले।
शुक्रवार को सीएचसी, बिल्हौर में 208 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ। इसमें बारंडा गांव के 4, बिल्हौर के शिवाजी नगर मोहल्ला का एक युवक और सीएचसी का एक चिकित्साकर्मी पॉजिटिव पाया गया। इसी तरह सीएचसी, ककवन में शुक्रवार को 127 एंटीजन टेस्ट किए गए, लेकिन इसमें से किसी में भी कोरोना की पुष्टि नहीं हुई।
शुक्रवार को सीएचसी, चौबेपुर में 123 लोगों के एंटीजन टेस्ट व 58 लोगों की वीटीएम जांच में 4 लोग संक्रमित पाए गए। कार्यवाहक प्रभारी डॉ सुबीर कटियार ने बताया कि संक्रमित लोगों को होम क्वारन्टीन कर परिवार के अन्य सदस्यों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
सीएचसी शिवराजपुर में 203 लोगों का एंटीजन टेस्ट हुआ, जिसमें छह लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। सीएचसी प्रभारी डॉ अनुज दीक्षित ने बताया कि सभी को कोरोना प्रोटोकॉल के तहत मंधना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।